अवैध होर्डिंग लगाने वालों पर होगी एफआईआर
गाजियाबाद। अवैध होर्डिंग को लेकर प्रशासन की तरफ से सख्ती जारी है। बुधवार को कलक्ट्रेट में अवैध होर्डिंग को लेकर सभी विभागों के साथ बैठक हुई, जिसमें सामने आया कि जिले में 558 अवैध होर्डिंग व बैनर लगाए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया है कि विभागों की तरफ से दी गई जानकारी के आधार पर सबसे अधिक अवैध होर्डिंग नगर निगम क्षेत्र में लगे हैं। ऐसे में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश कि वो उन एजेंसियों व लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराए जिनकी तरफ से अवैध होर्डिंग लगाए गए हैं। इसके साथ ही उन अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाए जिनके कार्य क्षेत्र में अवैध होर्डिंग लगाए गए। इस तरह से कई अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी गाज गिर सकती है।