दिल्ली के पटपड़गंज निवासी फैराज ने युवती से मोनू बनकर मुलाकात की और उसे प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। आरोप है कि भंडाफोड़ होने पर युवती को बुरी तरह पीटा और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर प्रताड़ित किया। युवती ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में फैराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
युवती का कहना है कि उसकी मुलाकात चार अगस्त 2020 को युवक से हुई थी। युवक ने अपना नाम मोनू बताया था। मोनू ने उससे नौकरी लगवाने के लिए कहा। युवती ने नोएडा में अपनी कंपनी के पदाधिकारियों से बात कर उसकी भी नौकरी लगवा दी। मोनू ने युवती से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दी और उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।
दिसंबर 2022 में दोनों ने दिल्ली में कोर्ट मैरिज कर ली। युवती का कहना है कि कागजात पर मोनू ने अपने फैराज अली नाम से हस्ताक्षर किए तो उसे उसके दूसरे धर्म में होने का पता चला। शादी के बाद फैराज घर पर कम रहता था। उसका दूसरी महिला से निकाह के बारे में पता चला तो उसने विरोध किया।
इस पर फैराज ने उसे पीटा और जबरन नॉनवेज खिलाया। फैराज के खिलाफ कार्रवाई की मांग के लिए युवती ने हिंदू संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क किया। अब युवती को फैराज के परिवार वाले धमकी दे रहे हैं। शनिवार को युवती और संगठन के लोग इंदिरापुरम कोतवाली पहुंचे।