गाजियाबाद। संजयनगर स्थित संयुक्त अस्पताल में बिजली के पैनल बॉक्स में शाॅर्ट सर्किट होने से दो घंटे तक बिजली गुल रही। इस कारण से मरीजों और ओपीडी में बैठे डॉक्टरों को परेशानी झेलनी पड़ी। इस पैनल बॉक्स में तीन महीने में तीसरी बार शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग चुकी है।
अस्पताल में सुबह 12 बजे पंजीकरण कक्ष के बाहर मरीज और उनके तीमारदार पर्चा बनवा रहे थे। उसी दौरान तेज आवाज के साथ ही पंजीकरण कक्ष के गेट के सामने गैलरी में लगे बिजली के पैनल बॉक्स से चिंगारी निकलने लगीं। इससे पंजीकरण के लिए लाइन में लगे इधर-उधर भागने लगे। स्टाफ ने इसकी सूचना इलेक्ट्रीशियन को दी। उसके बाद बिजली की मुख्य लाइन बंद की गई। इस दौरान करीब एक घंटे तक पंजीकरण प्रभावित रहा। ओपीडी का समय (दो बजे) खत्म होने तक बिजली की आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई थी। ढाई बजे तार जोड़कर आपूर्ति सही की गई।
छह महीने बाद भी नहीं शुरू हुआ अग्नि शमन यंत्र
अस्पताल में आग से बचाव के लिए छह महीने पहले पाइप की फिटिंग कर दी गई थी, लेकिन अभी तक आग बुझाने का इंतजाम पूरा नहीं हो सका। अस्पताल के सीएमएस डॉ. विनोद चंद्र पांडेय का कहना है कि फॉल्ट सही कराने के बाद आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी। अस्पताल में आग से बचाव के इंतजाम किए गए है, जल्द ही सेंट्रलाइज्ड भी करा लिया जाएगा, उसका कार्य चल रहा है।