मुरादनगर। एक कालोनी निवासी पिता दो नाबलिग बेटियों के साथ पांच साल से दुष्कर्म करता रहा। विरोध करने पर आरोपी बेटियों व अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। डीसीपी ग्रामीण जोन को फोन पर मिली शिकायत के बाद राज खुला। पुलिस ने मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
एक कॉलोनी निवासी व्यक्ति व उसकी पत्नी मजदूरी करते हैं। परिवार में दो बेटी चौदह व सोलह वर्ष हैं। पुलिस के अनुसार काम नहीं मिलने पर आरोपी कुछ समय से घर पर ही था, उसकी पत्नी मजदूरी करने जा रही थी। पिता के साथ दोनों बहने घर पर रहती थीं। दोनों काफी समय से गुमसुम रहने लगीं। मां ने उदास रहने का कारण पूछा तो बेटियां के आंसू निकल पड़े। बेटियों ने मां को बताया कि जब वह काम पर चली जाती हैं तो पापा हमारे साथ गंदा काम करते हैं। महिला ने अपने पति का विरोध किया तो कुछ समय ठीक चलता रहा लेकिन वह दोबारा ऐसा करने लगा। बेटियों ने पिता से कहा कि अपनी मैडम को यह बात बतायेंगे तो पिता ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
कम अंक आने पर शिक्षिका ने पूछा तो खुला राज
दोनों बच्चियों का पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। दोनों पढ़ाई में कमजोर होती चली गईं, कम अंक आने पर स्कूल की शिक्षिका ने छात्राओं से पूछा तो दोनों रोने लगीं और अपनी आपबीती उन्हें बताई। यह सुनकर शिक्षिका के होश उड़ गए।इस दौरान वहां मौजूद किसी अन्य ने उनकी बातें सुन लीं और डीसीपी ग्रामीण जोन को कॉल कर मामले की जानकारी दी।
कोट
डीसीपी ग्रामीण जोन विवेक चंद यादव ने बताया कि तीन दिन पहले किसी ने सूचना दी कि एक स्कूल की दो बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसकी सूचना पिंक बूथ प्रभारी महिला दरोगा को दी गई। जांच में मामला सही पाया गया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
व्यक्ति ने बच्ची से की अश्लील हरकत
मुरादनगर। दुकान पर बैठी दस साल की बच्ची से एक व्यक्ति द्वारा अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। एक कॉलोनी निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरी दस वर्ष की बेटी दुकान पर बैठी थी। इसी बीच पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति दुकान पर सामान लेने आया। बेटी को अकेला देखकर व्यक्ति ने अश्लील हरकत की। बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर पर अशोक कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।