साहिबाबाद। गरिमा गार्डन में बुधवार रात चोरों ने मेडिकल सामान के डिस्ट्रीब्यूटर अनिल कुमार के घर का ताला काटकर बाइक, गहने और नकदी चोरी कर ली। वह पत्नी और बच्चों के साथ रिश्तेदार के बेटे की शादी में मुरादाबाद गए थे। पुलिस एक संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ कर रही है।
अनिल ने बताया कि चोरों ने मेन गेट का ताला काटकर लकड़ी की अलमारी तोड़कर 22 हजार रुपये, मंदिर से गणेश जी की चांदी की मूर्ति, पीतल के भगवान की मूर्ति, बाल्टी, तसला, लहंगा-चुन्नी, कपड़े, गले का सेट, झुमके, चेन, अंगूठी के अलावा दो पहिया बाइक चोरी कर ली। चोरों ने चार फीट की ऊंचाई से बाइक चोरी की थी। वह 5 दिसंबर की सुबह मुरादाबाद में साढू के बेटे की शादी में गए थे। बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे पड़ोसी ने उन्हें ताला कटा होने की सूचना दी। दोपहर 12:30 बजे वह घर पहुंचे तो अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा हुआ था। अनिल के मुताबिक, चोरों ने इन्वर्टर-बैटरी भी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। चोरी की सूचना पर हिंदू रक्षादल के लोग अन्नू चौधरी अपने बाकी साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने टीलामोड़ पुलिस को चोरी की सूचना दी। आरोप है कि पुलिस काफी देर तक मौके पर जांच करने नहीं पहुंची।
चौकी पर मिली चोरी हुई बाइक, चोर ने तोड़ी नंबर प्लेट:
अनिल के मुताबिक, वह सिकंदरपुर चौकी पर पुलिस को लिखित शिकायत देने पहुंचे तो वहां खड़ी एक बाइक को पहचान गए। उसकी नंबर प्लेट टूटी हुई थी। जानकारी करने पर पता चला कि चोरों ने बचने के लिए बाइक की नंबर प्लेट तोड़ दी थी। रास्ते में पुलिस चेकिंग कर रही थी तो उसे चेकिंग के लिए रोक लिया था। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि एक संदिग्ध से पूछताछ कर रहे हैं।
-