खोड़ा। क्षेत्र के संगम पार्क स्थित मकान का ताला तोड़ कर चोरों ने लाखों के जेवरात और घरेलू गैस सिलिंडर चोरी करके ले गए। आठ मई को वारदात के दौरान परिवार शादी समारोह में गया था। पड़ोसी ने 21 मई को सूचना दी तो घटना का पता चला। पुलिस ने मकान मालिक सूरज की तहरीर पर 22 मई की रात प्राथमिकी दर्ज की। सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 मई को वह परिवार के साथ आंबेडकर नगर स्थित बुआ की बेटी की शादी में गए थे। इस दौरान घर की देखरेख का जिम्मा उन्होंने पड़ोसी रिशु को सौंपा था। 21 मई को पड़ोसी ने फोन से घर के ताले टूटने और सामान बिखरे होने की सूचना दी। जब वह घर पहुंचे तो देखा कि अलमारी से करीब तीन लाख के जेवर और रसोई से गैस सिलिंडर चोरी हो चुके थे। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की तलाश में टीम जुटी है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।