मोदीनगर। भोजपुर के अमराला गांव में गाली देने का विरोध करने पर एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में पति, पत्नी और बेटी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे गांव निवासी कालूराम ने अनिता को गाली दी। अनिता के विरोध करने पर कालूराम आग बबूला हो गया। उसने अपने पुत्रों और पत्नी को बुला लिया। आरोपियों ने घर में घुसकर अनिता, उनके पति सुनील कुमार और बेटी पर लाठी-डंडों से हमला किया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, कालूराम, अतरकली, जय कुमार और अजय कुमार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।