साहिबाबाद। टीलामोड़ स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में तीन दिनों से लो वोल्टेज के कारण 50 से अधिक परिवार परेशान हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आए दिन बिजली की कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। इससे लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी संतोष ने बताया कि तीन दिनों से कम वोल्टेज आने के कारण घरों में लगे बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। कम वोल्टेज के चलते उपकरणों के खराब होने का डर भी बना हुआ है। निवासी राजकुमार ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण इन्वर्टर भी खराब हो गया है। वहीं, वोल्टेज कम होने से पानी की मोटर भी नहीं चल पा रही है। वहीं ऊर्जा निगम के एसडीओ बृजमोहन दूबे ने बताया कि क्षेत्र में मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को राहत मिले। संवाद