साहिबाबाद। कुवैत में राज मिस्त्री, बिजली मैकेनिक और अन्य तरह की नौकरी दिलाने के बहाने लिंकरोड थाना क्षेत्र के सूर्यनगर में आठ लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता इमरान अंसारी उर्फ चिंटू ने ट्विटर पर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। आरोप है कि युवक सूर्यनगर में ऑफिस बंद करके भाग गया है। देवरिया में रहने वाले इमरान ने बताया कि उन्हें एक परिचित के जरिए कुवैत में नौकरी के बारे में पता चला। उन्होंने पोस्टर देखकर एक नंबर पर संपर्क किया, जिसमें मनीष नाम युवक से बात हुई। उसने अपना ऑफिस सूर्यनगर चौकी के पास देविका टावर में बताया। आरोप है कि मनीष ने उन्हें अलग-अलग तरह की नौकरियां बताईं। इसके लिए उन्हें 50 हजार से 90 हजार रुपये वेतन मिलने का झांसा दिया। आठ-दस दिन पहले इसकी एवज में उनसे पासपोर्ट और अन्य कागजात जमा करा लिए। फिर उन्हें सितंबर महीने के अंत में कुवैत भेजने के लिए कहा। आरोप यह भी है कि युवक ने उनसे वेरिफिकेशन और अन्य काम के बहाने प्रत्येक व्यक्ति से 15 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक वसूल कर लिए। वह आरोपी के झांसे में आ गए और उन्होंने अपने परिचित मुस्तफा, सुधाकर कुमार, सतेंद्र कुमार, जय सिंह कुमार, तफर्जुल अंसारी व एक अन्य युवक के पैसे जमा कर दिए। कुछ दिनों बाद उन सभी को ऑफर लेटर और वीजा दे दिया।
घर पर कुरियर भेजा, ऑफिस बंद कर भागा युवक
इमरान का आरोप है कि मनीष ने उनके घर पर कुरियर में पत्र भेजा था, जिसमें पासपोर्ट का नंबर और अन्य जानकारी लिखी थी। इसके बाद उन्होंने मनीष के पास फोन किया तो वह बंद मिला। ऑफिस में अपने परिचित को भेजा तो पता चला कि वह ताला लगाकर भाग गया है। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा का कहना है कि ट्विटर पर मामला संज्ञान में आया है। लिखित शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।