खोड़ा के राजीव नगर कॉलोनी में नहर की पटरी किनारे चल रही कॉर्मिशियल किचन में शुक्रवार शाम को गैस का रिसाव होने से धमाका हुआ। इससे टीन टप्पर के अंदर चल रही किचन का ऊपरी हिस्सा भरभरा कर नीचे गिर गया। किचन में काम कर रहे दो कामगार चोटिल हो गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं दमकल विभाग की टीम ने मौके से 23 कॉर्मिशियल सिलेंडर बरामद किए।
राजीव नगर कॉलोनी में मुकेश शर्मा निवासी खोड़ा नहर की पटरी के पास कॉर्मिशियल किचन का संचालन करते हैं। किचन में फास्ट फूड के अलावा खाना भी सप्लाई होता है। शाम को किचन में खाना बन रहा था। किचन के अंदर 17 वर्षीय विशाल और 25 वर्षीय उसका बड़ा भाई विनीत निवासी संभल काम कर रहे थे। इसी दौरान सिलेंडर से गैस का रिसाव होना शुरू हो गया। दोनों के ध्यान नहीं देने पर किचन में बंद चैंबर जैसे हालात बन गए। इसी दौरान लाइटर चालू करने पर धमाका हो गया। किचन के छत पर लगी टीन तेज आवाज के साथ उड़ गई और छत को आधार देने के लिए बल्ली व खंभे नीचे गिर गए।
धमाके से किचन में पूरा सामान अस्त- व्यस्त होकर फैल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे राजीव नगर कॉलोनी में गैस रिसाव के कारण धमाका होने की सूचना मिली थी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर भेजी गई लेकिन किसी तरह के कोई जान माल का नुकसान नहीं होना सामने आया। धमाके से चोटिल हुए दोनों लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई।
किराये के भवन में चल रही थी किचन
किचन मालिक दास बाबू के मकान में चल रही थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि किचन करीब तीन-चार साल से चल रही थी। वहीं पुलिस और अग्निशम विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया। इसलिए बड़े स्तर पर कॉर्मिशियल सिलेंडर का उपयोग हो रहा था अग्निशमन बचाव के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। हादसा होने के बाद अग्निशमन व पुलिस विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। अगर हादसा बड़ा होता भारी जानमाल का भी नुकसान हो सकता था।
बिना एनओसी के चल रही थी किचन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि किचन बिना एनओसी के चल रही थी। किचन में पांच लोग काम करने वाले थे जबकि टीम ने मौके से 23 कॉर्मिशियल सिलेंडर बरामद किए। विभाग की ओर से पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई कराई जाएगी।