-गठबंधन का असर दिखाई देगा लोकसभा चुनाव में
गाजियाबाद। गठबंधन की वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में इस बार आरएलडी कार्यकर्ताओं में भी जोश दिखा। वह आरएलडी के झंडे लेकर रोड शो में शामिल होने पहुंचे थे। आंबेडकर रोड पर पेट्रोल पंप के पास खड़े रालोद कार्यकर्ताओं ने भी झंडे हिलाकर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया और अबकी बार 400 पार के नारे लगाकर गठबंधन धर्म निभाया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को दिए गए भारत रत्न पुरस्कार को स्वीकार करते जयंत चौधरी का फोटो प्रधानमंत्री को दिखाकर आभार जताया। भाजपा-आरएलडी गठबंधन का असर चुनाव में भी दिखाई देगा।
प्रधानमंत्री का रोड शो देखने के लिए रिश्तेदारी में आए मेहमान
गाजियाबाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो पहली बार हुआ है। इससे पहले प्रत्येक लोकसभा चुनाव में उनकी जनसभा हुई थी। रोड शो में प्रधानमंत्री को नजदीक से देखने के लिए लोग एक दिन पहले ही रिश्तेदारी में गाजियाबाद आकर रुक गए थे। बदायूं निवासी चंद्रभान ने बताया कि वह गाजियाबाद में इलाज कराने आए थे और रिश्तेदारी में रुके हुए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस जाना था, लेकिन प्रधानमंत्री के रोड शो को देखने के लिए वह रुक गए। इसी तरह शास्त्री नगर में रिश्तेदारी में आए दीपांकर भी मोदी के कार्यक्रम की वजह से रुक गए और रोड शो के बाद अपने घर मेरठ गए।