इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के एलिवेटेड रोड पर 31 जनवरी की रात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार इंजीनियर को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल इंजीनियर को तुरंत मोहननगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। इंदिरापुरम पुलिस ने बृहस्पतिवार को अज्ञात चालक पर मुकदमा किया है। मुरादनगर की बृजविहार कालोनी में इंजीनियर विनोद (33) पत्नी सोनू और तीन साल की बेटी रिया के साथ रहते थे। वह नोएडा सेक्टर-सात की कंपनी में एक्सरा-मशीन बनाने का काम करते थे। 31 जनवरी की रात साढ़े सात बजे वह बाइक से एलिवेटेड रोड होकर मुरादनगर घर जा रहे थे। इंदिरापुरम कोतवाली में रामप्रस्था चौकी क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए। इंदिरापुरम पुलिस ने बताया कि एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से वाहन चालक की पहचान कर रहे हैं।
-