गाजियाबाद। ऊर्जा निगम की ओर से प्रीपेड स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार सुधार कार्य किया जा रहा है। उपभोक्ताओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा निगम की ओर से स्मार्ट एप को लांच किया गया है। एप के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिलिंग, खपत और अलर्ट की जानकारी समय से मिल सकेगी। जोन एक के मुख्य अभियंता पवन अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लगाया गया है। यह मीटर मोबाइल फोन की तरह पहले रिचार्ज होने के बाद उसी प्रकार काम करेगा। स्मार्ट मीटर में दो प्रतिशत छूट, दैनिक बिजली खपत पर नियंत्रण, पारदर्शी ऑटोमैटिक रीडिंग, एसएमएस अलर्ट, मोबाइल एप के माध्यम से आसान रिचार्ज और तकनीकी खराबी को दूर करने जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं यूपीपीसीएल के उपभोक्ताओं से स्मार्ट एप डाउनलोड करने की अपील की गई है। इससे बिलिंग, खपत और अलर्ट की जानकारी भी एप के माध्यम से तुरंत मिलेगी। इसके चलते पुराने विद्युत मीटर को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। मीटर रीडिंग की जांच के लिए इसके साथ जांच मीटर भी लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा पुराने मीटरों को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाने के कार्य को भी रोक दिया गया है।