गाजियाबाद में महिला पुलिस टीम संग मुठभेड़
- फोटो : अमर उजाला
मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी सुनीता मलिक ने अन्य महिला पुलिसकर्मियों के साथ संदिग्ध बाइक सवारों को घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने फायरिंग की तो महिला पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और कई राउंड फायरिंग करके एक बदमाश के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। घायल उस्ताद को लहूलुहान देख उसके चेले ने दोनों हाथ खड़े कर खुद को महिला टीम को सिरेंडर कर दिया। बोला बहनों इस बार माफ कर दो, भविष्य में अपराध नहीं करुंगा।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि चिपयाना अंडर बाइपास पर केटीएम बाइक सवार बदमाशों से क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस की सोमवार की सुबह साढे छह बजे मुठभेड़ हुई। बाइक रोकने का ईशारा करने पर बदमाशों ने महिला थाना प्रभारी और उनकी साथियों पर फायरिंग कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसने अपना नाम मोहम्मद जाहिद(33) निवासी सदरपुर सेक्टर-45 थाना सेक्टर 39 जनपद गौतमबुद्धनगर और मूल पता ग्राम कुकरौं अमारी थाना दमधा जनपद पुरनिया बिहार बताया। जबकि उसका साथी ने खुद का सिरेंडर कर दिया और माफी मांगकर भविष्य में अपराध न करने की शपथ ली।
गिरफ्तार बदमाश ने अपना नाम मौ. इरशाद(25) निवासी सैक्टर 27 थाना सेक्टर-39 जनपद गौतमबुद्धनगर मूल पता ग्राम वजीरगंज थाना वजीरगंज जनपद बंदायू बताया है। एसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने अपने पलवल हरियाणा निवासी मोबीन के साथ मिलकर एक बुजुर्ग का एटीएम बदलकर डेढ लाख रुपये निकाल लिए थे। घायल जाहिद पर अलग-अलग थानों में आठ और इरशाद के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।