गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक की सेवियर ग्रीनाइल सोसायटी में मीटर रिचार्ज के नाम पर 1.14 करोड़ रुपये का घोटाला सामने आया है। मामले में सोसायटी के एओए के पूर्व अध्यक्ष दीपक कुमार ने एओए के पूर्व सचिव समेत छह लोगों के खिलाफ क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में केस दर्ज कराया है। दीपक कुमार का कहना है कि छह दिसंबर 2021 से चार दिसंबर 2022 तक सोसायटी के एओए के अध्यक्ष रहे थे। हाल ही में उन्हें जानकारी मिली कि वित्तीय वर्ष 2021-22 और 2022-23 में 21 लाख रुपये की कीमत के रिचार्ज कूपन रद्द किए गए हैं। जानकारी करने पर पता चला कि सोसायटी निवासियों के रद्द किए गए कूपन का रिफंड न लेने के संबंध में रिचार्ज के नाम पर घोटाला कई सालों से चल रहा है। आरोप है कि हाल ही में एओए के वर्तमान अध्यक्ष हर्षवर्धन तिवारी ने लोगों के मीटर रिचार्ज कूपन के रद्द होने की सूचना सोसायटी के एक ग्रुप में डाली। जिससे उन्हें इस फर्जीवाड़ा करने की जानकारी हुई। मामले में उन्होंने 2013 से 2022 तक के मेंटिनेंस इंचार्ज गौतम कुमार झा, 2013 से अभी तक के रिचार्ज एग्जीक्यूटिव शैलेंद्र सिंह उर्फ सल्लू, कंप्यूटर ऑपरेटर रवि कुमार, अकाउंटेंट ओमपाल सिंह, एओए के पूर्व जनरल सेक्रेटरी सुयश प्रसाद और कार्यरत खजांची प्रशांत कुमार सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी वेव सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।