गाजियाबाद। गर्मी के बीच शहर में बिजली कटौती रुक नहीं रही है। एनएच-9 के पास डूंडाहेड़ा क्षेत्र में स्थिति और बदतर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऊर्जा निगम यहां बिजली के तारों को बदलने का काम कर रहा है। इस कारण कहीं-कहीं पर शटडाउन होता है तो कहीं पर ट्रिपिंग के कारण हर 20 से 25 मिनट बाद बिजली गुल हो जाती है। वहीं सुबह पानी सप्लाई के वक्त बिजली न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, गोविंदपुरम में बृहस्पतिवार को पेड़ाें की छंटाई के कारण सुबह चार घंटे बिजली गुल रही।
ऊर्जा निगम इस समय जर्जर तारों को बदलने का काम कर रहा है। लोगोंं का कहना है कि यही काम सर्दियों में कर लिया जाता तो इतनी परेशानी नहीं होती। शहर की डूंडाहेड़ा कॉलोनी का बिजली कटौती से बुरा हाल है। स्थानीय पार्षद नरेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र की आबादी पांच हजार है सभी बिजली कटौती से आजिज आ चुके हैं। यहां दिनभर में 10 से 11 घंटे ही सप्लाई हो पा रही है। क्षेत्र में तीन फेज में बिजली सप्लाई होती है, लेकिन एक ही फेज चल रहा है। इससे डूंडाहेड़ा, लाल क्वार्टर और एसटीपी प्लांट के पास बनी 1100 किलो लीटर पानी की टंकियां भर नहीं पाती, जिस कारण लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। पानी के लिए हैंडपंप ही सहारा हैं। शांतिनगर, सैन्य विहार, बिहारीपुरा, खैराती नगर, सुदामापुरी, महाराणा विहार के लोग भी अघोषित बिजली कटौती से त्रस्त हैं। उधर, शहर की अन्य कॉलोनियां प्रताप विहार, विजय नगर में चार से पांच घंटे, संजय नगर सेक्टर-23, गुलधर, मोरटा, दुहाई में दो से चार घंटे, लोहियानगर, पटेलनगर, शास्त्रीनगर, महिंद्रा एंक्लेव में भी दो से तीन घंटे का कट हो रहा है। वहीं,, एसडीओ सुनील चौहान का कहना है कि यहां एक नये फीडर को चालू कर दिया गया है, जिससे लोड बढ़ेगा। तार बदलने की प्रक्रिया कुछ दिन और चलेगी।
सिद्धार्थम सोसायटी में सुबह गई बिजली रात को आई
सिद्धार्थ विहार स्थित सिद्धार्थम सोसायटी में बृहस्पतिवार को पुराने दोनों ट्रांसफार्मर बदले गए। तय शेड्यूल के तहत सुबह 9:30 बजे सोसायटी की बिजली काट दी गई, जो रात आठ बजे तक नहीं आई। इस बीच बिजली न होने से लोग मजबूरी में अपने फ्लैट में रहे। कुछ ने सोसायटी के कम्युनिटी सेंटर में टाइम पास किया तो कुछ अपने दोस्तों के यहां चले गए। उधर, सोसायटी के मेंटनेंस विभाग के फैसिलिटी हेड डीजीएम राकेश शर्मा ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर लग जाने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आज भी कई क्षेत्रों में गुल रहेगी बिजली
शहर में 33/11 केवी उपकेंद्र में मेंटेनेंस कार्य शुक्रवार को किया जाएगा। इसके चलते कई क्षेत्रों की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। एसडीओ एके पांडेय ने बताया कि 33/11 केवी उपकेंद्र एडीसी पर मुख्य टीपीएमओ कार्य किया जाएगा। लिहाजा चौधरी मोड़, कालकागढ़ी, कल्लूपुरा और डासना गेट में सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक बिजली कटौती रहेगी। नवयुग मार्केट के उपकेंद्र में मेंटेनेंस कार्य पर नवयुग मार्केट, पटेलनगर, सिहानी गेट, मुकुंदनगर और हापुड़ रोड क्षेत्र में शाम तीन से छह बजे तक सप्लाई बाधित रहेगी। वहीं, विद्युत उपकेंद्र राजनगर में भी मेंटेनेंस कार्य के कारण अपोलो मॉल, सेक्टर चार, पांच, छह, आठ, नौ और आईएमटी की विद्युत आपूर्ति सुबह नौ से 12 बजे तक बाधित रहेगी।