गाजियाबाद। शहर में 8,600 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी विद्युत निगम कर रहा है। इन उपभोक्ताओं पर 16 करोड़ रुपये बकाया हैं। सिटी जोन में पिछले चार महीनों में लगभग 29 करोड़ रुपये बकाया वसूली करने के बाद भी उपभोक्ताओं पर 16.35 करोड़ रुपये का बकाया है। इनसे वसूली के लिए कर्मचारी कॉल भी कर रहे हैं।
विद्युत निगम के सिटी जोन के डिवीजन-9 में विजयनगर क्षेत्र में 2,728 उपभोक्ताओं पर 5.95 करोड़ रुपया बकाया है। इसके बाद डिवीजन-3 शहरी क्षेत्र में 2,297 उपभोक्ताओं पर 1.78 करोड़ रुपया बकाया है। विभाग के अनुसार चार डिवीजन में 8,599 उपभोक्ताओं पर 16.35 करोड़ रुपये का बकाया है। इनमें सभी कनेक्शन व्यवसायिक और औद्योगिक हैं। घरेलू उपभोक्ताओं पर न्यूनतम बकाया है। सिटी जोन में 35 उपभोक्ता ऐसे भी हैं, जिन्होंने कनेक्शन लगने के बाद एक बार भी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ डिस्कनेक्शन करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।
सिटी जोन के मुख्य अभियंता अशोक सुंदरम ने बताया कि बकाया वसूली के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। बकायेदारों से फोन, मैसेज करने के साथ ही विभाग के अधिकारी व कर्मचारी लगातार संपर्क कर रहे हैं। एक सप्ताह बाद ऐसे उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी, उसके बाद ब्याज सहित वसूली की जाएगी।