साहिबाबाद। ये है जिला गाजियाबाद... गाने की धुन पर एक बुजुर्ग को घसीटकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। बुजुर्ग सोसायटी का निवासी बताया जा रहा है। वीडियो मोहननगर की पार्श्वनाथ पैराडाइज सोसायटी का बताया जा रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
नौ सेकंड के वायरल वीडियो में बुजुर्ग को तीन-चार युवक बुरी तरह पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैक ग्राउंड में ये है जिला गाजियाबाद गाना बज रहा है, जबकि चार से पांच लोग सड़क पर खड़े होकर बुजुर्ग को पिटते देख रहे हैं। एक गाड़ी में बैठा चालक भी बुजुर्ग को पीटने वाले युवकों की तरफ इशारा करता दिख रहा है। वीडियो में कैप पहने हुए एक हमलावर ने बुजुर्ग को चार से पांच चांटे जड़े जबकि, दूसरा युवक बुजुर्ग का हाथ पकड़कर सड़क पर घसीटकर कुछ दूर तक ले गया।
हालांकि, वीडियो कुछ दिन पुराना बताया गया है। सोसायटी के एक युवक ने बताया कि वीडियो तीन सितंबर का है। बुजुर्ग का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। युवकों द्वारा हमले के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से परिवार में किसी को भी घटना के बारे में बताने से मना किया था। इससे पहले बुजुर्ग को पीटने की सूचना पर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बीच-बचाव कर हमलावरों से बुजुर्ग को छुड़वाया था।
एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि वायरल वीडियो के बारे में जानकारी की जा रही है। हमला करने वाले और बुजुर्ग व्यक्ति कौन हैं। मामला कब का है, सभी तथ्यों की जानकारी कर आरोपियों के खिलाफ शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।