लोनी। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र के रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में शनिवार शाम बिजली के खंभे में उतरे करंट से आठ साल की बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रामपार्क एक्सटेंशन कॉलोनी में हरवीर सिंह परिवार के साथ रहते हैं। वह कॉलोनी में गोलगप्पे की ठेली लगते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मकान में निर्माण कार्य चल रहा है। करीब एक सप्ताह पहले उनके मकान के पास मिट्टी के डंपर की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया था। शनिवार को उनकी आठ वर्षीय बेटी प्रियांशी खंभे के पास से गुजर रही थी तभी वह खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आ गई। उनका आरोप है कि आसपास के लोगों ने ऊर्जा निगम को इसकी सूचना दी। ऊर्जा निगम ने अगले दिन खंभे को को ठीक करने की बात कही थी लेकिन कर्मचारी खंभे को ठीक करने नहीं आए।परिजनों ने प्रियांशी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।