गाजियाबाद। नंदग्राम थानाक्षेत्र के सिहानी चुंगी स्थित एक होटल में भोजन का बिल मांगने पर कर्मियों को पीटने का मामला सामने आया है। प्रकरण में आठ आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि सिहानी चुंगी मेरठ रोड स्थित शान चिकन होटल के संचालक सारिफ के मुताबिक, 18 मार्च को अंकुर, शोभित, आकाश, विशाल और अनुज उर्फ राज अपने तीन अन्य साथियों के साथ भोजन करने आए थे। खाना खाने के बाद उनसे बिल मांगा तो आक्रोशित हो गए। गालीगलौज करते हुए होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद आरोपी होटल बंद कराने और जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी में बैठकर मौके से भाग गए। एसीपी ने बताया कि शिकायत पर अंकुर, शोभित, आकाश, विशाल और अनुज उर्फ राज व तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।