गाजियाबाद। चार बुजुर्ग समेत आठ मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीन मरीजों ने दूसरी बीमारी के इलाज के दौरान जांच कराई थी, जबकि पांच ने सर्दी, जुकाम और बुखार होने पर कोरोना की जांच कराई कराई थी। इस समय जिले में 18 सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से पांच अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि 13 का इलाज घर पर चल रहा है। 48 लोगों की कोरोना जांच में 40 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डाॅ. आरके गुप्ता ने बताया कि प्रताप विहार निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग की एक निजी अस्पताल में डायलिसिस चल रही है। वहां पर जांच के दौरान कोरोना की पुष्टि हुई। वह अस्पताल में भर्ती हैं। कैलाभट्ठा निवासी 65 वर्षीय महिला को बीते तीन दिन से बुखार, खांसी, जुकाम की शिकायत पर भर्ती कराया गया था, जांच में कोरोना की पुष्टि हुई है। वैशाली निवासी 32 वर्षीय महिला को चार दिन से बुखार में आराम होने पर कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विजयनगर निवासी 35 वर्षीय युवक में भी जांच के बाद कोरोना की पुष्टि हुई है।
मुरादनगर में रहने वाली 43 वर्षीय महिला, राजनगर में रहने वाले 74 वर्षीय बुजुर्ग, घंटाघर निवासी 73 वर्षीय बुजुर्ग, वेव सिटी में रहने वाली 56 वर्षीय महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। सर्विलांस अधिकारी का कहना है किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है।