मोदीनगर। झारखंड के कारोबारी से स्क्रैप में जनरेटर दिलाने के नाम पर आठ लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने मोदीनगर थाने में घटना की तहरीर दी है।
झारखंड के टाटानगर निवासी कारोबारी आशीष सिंह बृहस्पतिवार को मोदीनगर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कुछ समय पूर्व मोदीनगर की एक फैक्टरी में बड़ी मात्रा में स्क्रैप होने की जानकारी मिली। आशीष सिंह का स्क्रैप में पड़े जनरेटर का सौदा आठ लाख रुपये में तय हो गया। आशीष सिंह ने 13 अगस्त को कथित स्क्रैप विक्रेता के खाते में आठ लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए और बृहस्पतिवार को जनरेटर लेने मोदीनगर पहुंचे। आरोप है कि उक्त स्क्रैप विक्रेता तय पते पर नहीं मिला। कॉल पर आरोपी ने बताया कि उसने वह जनरेटर किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। आरोपी ने रकम भी लौटाने से भी इन्कार कर दिया। आशीष ने थाने में घटना की तहरीर दी है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।