गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने डंपर चालक सद्दाम निवासी फुलड़ी, सिंभावली, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसको जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। उधर, हादसे में घायल हुए बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि शनिवार को अमरोहा से 11 बच्चे जामिया में कक्षा छह में दाखिले के लिए परीक्षा देने लिए जा रहे थे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लालकुआं के निकट पहुंचने पर कैंटर को ओवरटेक करने के चक्कर में कार सड़क के किनारे खराब खड़े डंपर में टकरा गई। इसमें अनस निवासी काकर सराय अमरोहा व उनेश (10) निवासी नूरपुर बिजनौर और आजम (13) निवासी मढन असमौली, संभल की मौत हो गई। इसके अलावा हादसे में नौ बच्चे भी घायल हो गए थे। इनको उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालाें में भर्ती कराया गया था। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करने पर सामने आया कि यह हादसा डंपर चालक सद्दाम की लापरवाही से हुआ था।