गाजियाबाद। जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद गाजियाबाद में संचालित सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को चार जनवरी 2026 तक पूर्ण रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक गाजियाबाद की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित अन्य बोर्डों से मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में यह आदेश लागू रहेगा। यह अवकाश नर्सरी से कक्षा 12 तक के छात्रों के लिए प्रभावी होगा। अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। सभी प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।