साहिबाबाद। दिल्ली के करावल नगर स्थित शिव विहार निवासी तेजपाल ने आठ माह से लापता बेटे सतबीर की हत्या का संदेह जताते हुए पुत्रवधू मीनू और पौत्र तरुण पर बेटे की हत्या करने का संदेह जताया है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पीड़िता पिता तेजपाल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उनका बेटा सतबीर अपनी पत्नी मीनू और बेटे तरुण के साथ करहेड़ा में रहता था। वह पिकअप गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। आरोप है कि दो अगस्त 2025 को सतबीर पिकअप लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। तेजपाल का आरोप है कि उन्होंने 19 फरवरी 2026 को साहिबाबाद थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। चार अप्रैल 2026 को पुलिस आयुक्त गाजियाबाद से शिकायत की तो उनके निर्देश पर सतबीर की पत्नी और बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट तो दर्ज कर ली गई है, लेकिन पूछताछ करने के बाद भी कोई ठोस साक्ष्य हाथ नहीं लग पाया है। जांच की जा रही है, उसके आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।