साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 के बी ब्लॉक में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से सोमवार सुबह जलापूर्ति बाधित रही। इससे करीब 10 हजार लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। बच्चों को स्कूल भेजने से लेकर खाना बनाने और नौकरी पर जाने की तैयारी तक प्रभावित रही। स्थानीय निवासी जुगल किशोर ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में ऊर्जा निगम की ओर से बिजली के पोल लगाने के लिए खोदाई कराई गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। सोमवार सुबह जलापूर्ति शुरू होने पर घरों में पानी पहुंचने के बजाय सड़क पर बहता रहा। इससे बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हुआ और लोगों को आपूर्ति का लाभ नहीं मिल सका। निवासियों का आरोप है कि बिजली के पोल लगाने के लिए खोदाई से पहले पेयजल लाइन की स्थिति का पता नहीं लगाया गया। यदि संबंधित विभागों के बीच समन्वय होता और खुदाई के दौरान सावधानी बरती जाती तो पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से बच सकती थी। जलकल विभाग के अवर अभियंता सोमेंद्र तोमर ने बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत करा दी गई है।