साहिबाबाद। शालीमार गार्डन स्थित ऋषभ पार्क के पास बृहस्पतिवार को घर से कुछ दूरी पर खेल रहे बच्चे संगम के बाएं पैर में कुत्ते ने काट लिया। बच्चे के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाया और निजी अस्पताल ले जाकर उसका इलाज कराया। लोगों ने नगर निगम से कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।
स्थानीय निवासी आदेश तिवारी ने बताया कि शालीमार गार्डन में कुत्तों की संख्या बढ़ गई है। दोपहिया, चारपहिया या पैदल आवाजाही करने वालों लोगों को काटने के लिए कुत्ते दौड़ा रहे हैं। बृहस्पतिवार को बच्चे के ऊपर आवारा कुत्तों का झुंड दौड़ पड़ा। बच्चे के गिर जाने पर एक कुत्ते ने बाएं पैर में काट लिया। उन्होंने बताया कि कुत्तों की वजह से बच्चे घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं और न ही पार्क में खेलने आ रहे हैं। रोजाना किसी न किसी को कुत्ते काट रहे हैं। इसके बावजूद भी नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष त्रिपाठी ने बताया कि शिकायत मिली है। टीम भेजकर कुत्तों को पकड़वाया जाएगा।