लोनी। आपराधिक मामले दर्ज होने पर पुलिस ने एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष डॉ. महताब अली समेत छह लोगों पर जिलाबदर की कार्रवाई की है। पुलिस ने इनके घरों पर मुनादी कराकर छह माह तक क्षेत्र से बाहर रहने के नोटिस भी दिए हैं। एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि साहिल निवासी गिरी मार्केट कॉलोनी, शहजाद निवासी मदीना गार्डन लोनी, इरफान निवासी कुरेशियान व्यापारियान मोहल्ला, शौकिन निवासी मुगल गार्डन लोनी, कर्ण सिंह उर्फ करन सिंह निवासी गिरी मार्केट और एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष डॉ. महताब अली निवासी इकराम नगर कॉलोनी के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। उधर डॉ. महताब अली ने बताया कि उनके ऊपर लॉकडाउन के दौरान मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने अपने घर से लोगों की मदद की थी। एक निकाय और दो विधानसभा के चुनाव के मुकदमे है, जब उन्होंने रैली निकाली थी। 2013 में एक जमीन संबंधित मुकदमा है। सभी मुकदमों में जमानत हो चुकी है। प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करेंगे।