मोदीनगर। गोविंदपुरी कॉलोनी स्थित पं. दीन दयाल उपाध्याय पार्क में सोमवार रात ओपन जिम में जाने को लेकर हुए विवाद में दबंग ने पत्नी के साथ मिलकर भाजपा नेता व पूर्व सभासद की पिटाई कर दी। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर- 26 से रीता सभासद हैं। रीता के भाई भाजपा नेता व पूर्व सभासद लोकेश ढोडी ने बताया कि कॉलोनी में पं. दीनदयाल उपाध्याय पार्क में ओपन जिम है। जिम रात नौ बजे बंद हो जाता है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात वह उधर से गुजर रहे थे तभी कुछ लोग व बच्चे दीवार फांदकर ओपन जिम में जा रहे थे। उन्हें ऐसा करने से रोकने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इससे गुस्साए आरोपी ने लोकेश से गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी। किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लोकेश ने घटना की तहरीर दी है। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि पुलकित कौशिक व उनकी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर की है। आरोपी पुलकित को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को कॉलोनी के लोग एकत्रित होकर थाने पहुंचे और पुलकित पर रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सभासद बच्चों को पार्क नहीं जाने देता और वहां जाने पर मारपीट की जाती है।