इंदिरापुरम। न्यायखंड-दो में एक सप्ताह से दूषित पानी लोगों को मिल रहा है। पानी में झाग निकलने से साथ गंदगी आ रही है। क्षेत्र के 100 से अधिक घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। पानी के प्रयोग से कई परिवार के सदस्य पेट दर्द, सर दर्द सहित दस्त की समस्या से जूझ रहे हैं।
स्थानीय निवासी किशोर ठाकुर ने बताया कि लगातार एक सप्ताह से गंगा का पानी मिल रहा है। कई बार इस मामले में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन जीडीए अधिकारी इसका संज्ञान नहीं ले रहे हैं। गंदा पानी होने की वजह से इससे कपड़ा और बरतन तक साफ करने का काम नहीं हो पाता है। लोग बाजार से पीने के साथ ही घरेलू कार्य के लिए भी बोतलबंद पानी मंगवाते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि 30 रुपये की दर से रोजाना 5 से 6 बोतल पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। हरिओम ने बताया कि जो लोग बोतल बंद पानी पर अधिक खर्च नहीं कर पाते वह इस पानी का प्रयोग कर रहे हैं। उबाल कर पानी प्रयोग करने के बावजूद कई लोगों को पेट और सर दर्द की समस्या हो गई है। उन्होंने बताया कि लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है। जीडीए के अधिशासी अभियंता आलोक रंजन ने बताया कि शिकायत मिली है हो सकता है पानी की पाइपलाइन में कहीं लीकेज हो, जिसे दिखवा कर ठीक करा लिया जाएगा।