गाजियाबाद। बारिश के बाद डेंगू का लार्वा भी अधिकांश कॉलोनियों में मिलने लगा है। इस समय रोजाना 180 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिल रहा है। लगातार चार दिन से बारिश होने के बाद मौसम में बदलाव आने पर लोगों ने कूलर चलाना बंद कर दिया लेकिन, उसमें पानी भरा होने से डेंगू का लार्वा पनप रहा है।
मलेरिया विभाग और डेंगू ब्रीड चेकर (डीबीसी) संवेदनशील क्षेत्रों में रोजाना एक हजार से 1200 घरों का सर्वे कर रहे हैं। इनमें 170 से 180 स्थानों पर डेंगू का लार्वा मिल रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग के पसीने छूट रहे हैं। एनसीडी विंग की आईडीएसपी लैब में रोजाना 25 से 30 बुखार के मरीजों की डेंगू और 15 से 20 की मलेरिया जांच की जा रही है। हालांकि पुष्टि नहीं हो रही है। निजी अस्पताल और सरकारी लैब से यूडीएसपी पोर्टल पर की गई रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक डेंगू के 21 और मलेरिया के 19 मरीज मिल चुके हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस बार स्वास्थ्य विभाग ने संवेदनशील स्थानों पर घरों की स्क्रीनिंग शुरू की। नगर निगम, नगर पालिका, पंचायत विभाग, सिंचाई विभाग, कृषि विभाग समेत 24 विभागों के कर्मचारियों ने अभियान के तहत साफ-सफाई के साथ दवा का छिड़काव किया। लगातार तीन महीने से मलेरिया विभाग की 40 टीमें डेंगू की रोकथाम के लिए सर्वे और छिड़काव कर रही हैं।
-डेंगू व मलेरिया के एक-एक मरीज मिले-
प्रताप विहार में रहने वाली सात वर्षीय बच्ची और एक व्यक्ति में मलेरिया की पुष्टि हुई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डाॅ.आरके गुप्ता ने बताया कि पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की जांच रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि मलेरिया बुखार की पुष्टि एक मरीज में हुई है। इस समय डेंगू के तीन और मलेरिया का एक मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। डेंगू का एक मरीज एमएमजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।