मोदीनगर थाने में धरने पर बैठे किसानों से वार्ता करते एसएचओ। संवाद
- फोटो : poni news
मोदीनगर। घरेलू साहियका की 14 वर्षीय पुत्री से छेड़छाड़ के आरोप में कारोबारी पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर भाकियू भानू के कार्यकर्ताओ ने शनिवार को मोदीनगर थाने पर प्रदर्शन किया। घरेलू साहियका और किशोरी कारोबारी के घर से चोरी हुए लगभग 25 लाख रूपये कीमत के गहने चोरी के मामले में आरोपी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। भारतीय किसान यूनियन भानू के कार्यकर्ता शनिवार मोदीनगर थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए धरना देकर बैठ गए। संगठन के गौरव त्यागी ने आरोप लगाया कि नगर के एक कारोबारी ने घरेलू साहियका की 14 वर्षीय पुत्री से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की थी। आरोप लगाया कि पुलिस ने उल्टा घरेलू साहियका और उनकी पुत्री पर ही चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर दी। एसएचओ आंनद प्रकाश मिश्रा ने किसानों से वार्ता की। उन्होने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर आंदोलन समाप्त कराया। बताया कि निष्पक्ष जांच के लिए शीघ्र पॉलीग्राफ जांच कराई जाएगी।