लोनी। भारतीय किसान यूनियन(अखंड) के नेतृत्व में मंगलवार को ग्रामीणों ने धारीपुर सबस्टेशन पर धरना दिया। यूनियन के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कसाना ने बिजली की समस्या को लेकर एससी को शिकायत भी दी थी। उन्होंने बताया था कि जिला बागपत के गढ़ी कलंजरी गांव की सप्लाई खंड लोनी फिडर से है। उन्होंने सबस्टेशन के कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारी बिजली की लाइन चेक करने के बहाने घर में घुस जाते हैं और रोकने पर बिजली चोरी का आरोप लगाते हैं। उन्होंने मामले में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग रखी है कि गांव गढ़ी कलंजरी के सभी मीटर हटाए जाएं। गांव के सभी उपभोक्ताओं का बिल फिक्स किया जाए। उधर धारीपुर गांव निवासी पवन प्रधान ने बताया कि उर्जा निगम के कर्मचारियों को लेकर धारीपुर गांव के लोग भी परेशान हैं। उनका गांव फसल पर आश्रित है। उन्होंने भी मांग की है कि मीटर हटाकर फिक्स किया जाए और 6 महीनें में एक बार बिल लिया जाए।