माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद सरस्वती के भड़काऊ भाषण से शहर की शांति व्यवस्था बाधित हुई है। इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस जेल भेजे। महामंडलेश्वर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाईचारा मंच ने बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
रविवार को हापुड़ रोड स्थित एक फार्म हाउस में भाईचारा मंच की बैठक हुई। संरक्षक व गाजियाबाद बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने कहा कि 29 सितंबर को लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में डासना देवी मंदिर के महंत महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने भड़काऊ भाषण दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि महामंडलेश्वर का मकसद शहर में दंगे भड़काकर अमन शांति भंग करना है। कुछ समय पहले उन्होंने हरिद्वार की धर्म संसद में भी नफरती भाषण देकर समाज में वैमनस्यता फैलाने का काम किया था।
कार्यक्रम के संयोजक बीकेएस चौहान ने कहा कि गाजियाबाद में भी धर्म संसद आयोजित कर माहौल खराब करने का ऐलान किया गया था। इसके बारे में उसी समय शासन-प्रशासन को लिखित में अवगत कराया गया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से तत्काल हस्तक्षेप कर कार्यक्रम में रोक लगाया था। उसके बाद भी यह लगातार समाज में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। इससे गाजियाबाद में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। आजाद समाज पार्टी के सतपाल चौधरी ने कहा कि भड़काऊ भाषण के विरोध में सिहानी गेट कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है लेकिन, अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे समाज के विभिन्न तबकों में आक्रोश है। यति के खिलाफ 50 से अधिक केस दर्ज हो चुके हैं। राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो रही है। बैठक में हाजी ताहिर, जितेंद्र सिद्धार्थ, राम बरन, सलीम, पुष्पेंद्र सिंह सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।