साहिबाबाद। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में बुजुर्ग महिला श्यामा देवी (85) का निधन हो गया और परिजन ने उनका शव सुरक्षित रखने के लिए डी- फ्रीजर किराए पर मंगाया, लेकिन बिजली गुल हो गई। परिवार के लोग रातभर ऊर्जा निगम अधिकारियों से बिजली के लिए गुहार लगाते रह गए, लेकिन बिजली नहीं आई। बिजली नहीं आने से लोगों का सब्र टूट गया और बिजली घर पर जाकर हंगामा किया। वहीं, कॉलोनी में लोगों ने हंगामा किया।जानकारी के अनुसार श्यामा देवी की बीमारी के चलते बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। उनके शरीर को सुरक्षित रखने के लिए डी-फ्रिज मंगाया गया, लेकिन रात में आंधी-बारिश आई और बिजली गुल हो गई। इससे परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो गई। बुजुर्ग के शव को सुरक्षित रखने के लिए निगम अधिकारियों के सामने गिडड़िाए, लेकिन वह केवल आश्वासन देते रहे और रात बीत गई। कॉलोनी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सतीश भारद्वाज ने बताया कि रात करीब आठ बजे कॉलोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। रात 12 बजे अधिकारियों को कॉल करके बताया गया कि ऐसे बुजुर्ग महिला की मौत हो गई बिजली की जरूरत है लेकिन पूरी रात बिजली नहीं आई। वहीं, भतीजे भूपेंद्र गोरला ने बताया कि भीषण गर्मी में बिजली नहीं होने से दिक्कत हुई और डी-फ्रिज में शव रखा था, लेकिन बिजली नहीं आई। उन्होंने बताया कि रात में ही एसडीओ को कई बार कॉल करके शिकायत की, लेकिन जवाब नहीं मिला। वहीं, निवासी संतोष रावत ने बताया कि कॉलोनी में बिजली ने लोगों को परेशान किया और महिला की मौत होने के बाद भी आपूर्ति चालू नहीं की। इस पर लोगों ने जमकर ऊर्जा निगम के खिलाफ बिजली घर और अपनी कॉलोनी में भी जमकर नारेबाजी की। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के एसडीओ बृजमोहन ने बताया कि क्षेत्र में अंडर ग्राउंड केबल में फॉल्ट की वजह से ठीक करने में समय लगा था। फॉल्ट ठीक होते ही क्षेत्र की आपूर्ति सामान्य कर दी गई थी।