गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के इकला में दिल्ली पुलिस के सिपाही की पत्नी व उनके बच्चों पर जानलेवा हमले की घटना सामने आई है। आरोप है कि पत्नी ने सास से दूध मांगा, जिसके बाद यह विवाद हुआ। मामले में देवर समेत छह लोगाें के खिलाफ सिपाही की पत्नी शिवांगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिवांगी ने बताया कि उनके पति दिल्ली पुलिस में सिपाही हैं। उन्होंने अपनी सास से दूध मांगा था, जिसके बाद वह भड़क गईं और उनको थप्पड़ मार दिया। उन्होंने अपने छोटे बेटे के साथ मिलकर उनको पीटा। यह बात उन्होंने अपने पति को बताई। घर आने पर पति अपनी मां व ससुरालियों से बात करने गए तो उन्होंने अपने रिश्तेदारों को बुला लिया और लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। एसीपी पूनम मिश्रा ने बताया कि मौके पर पुलिस को भेजकर जांच कराई गई है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद