डासना। डासना के कुड़ियागढ़ी में चमन के सिंघाड़े के तालाब में शुक्रवार दोपहर युवक का शव मिला। युवक की पहचान डासना के पुरानी पैंठ निवासी शादाब (33) पुत्र शाहबुद्दीन के रूप में हुई है। शादाब के सिर व गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है।
शादाब के भाई नवाब ने पुलिस को बताया कि शादाब मजदूरी करता था। बृहस्पतिवार शाम को वह घर से गया था लेकिन वापस नहीं आया। काफी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को पुलिस को सूचना देने से पहले ही जानकारी मिली की तालाब में शादाब का शव मिला है। आशंका है कि शादाब की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। मामले में नवाब ने वेव सिटी थाने में तहरीर देकर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी वेव सिटी लिपि नगायच ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
बहनों को खरीदारी कराने ले गया था शादाब
शादाब के भाई नवाब ने बताया वे दोनों चेन्नई की एक कंपनी में बैग बनाने का काम करते हैं। एक हफ्ते पहले दोनों वापस आए थे। बृहस्पतिवार को शादाब दोनों बहनों को दोपहर में खरीदारी कराने के लिए भी ले गया था। खरीदारी कराकर वापस भी आए थे। शनिवार को दोनों को चेन्नई वापस जाना था। बृहस्पतिवार को जब शादाब गया था उसके पास करीब 15 हजार रुपये भी थे जो नहीं मिले हैं। लूटपाट के विरोध में हत्या की भी आशंका जताई जा रही है।