हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्य नगर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका हुआ मिला है। सुबह के समय जब पड़ोसियों ने यह देखा तो उनमें चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारा।
मूल रूप से महाराष्ट्र के रहने वाला 23 वर्षीय निरंजन काटकर जिला रामपुर में अपने एक रिश्तेदार के यहां काम करता था। निरंजन के मामा गणेश पाटिल सराफा बाजार में सोना गलाने का काम करते हैं। होली पर निरंजन अपने मामा के आर्य नगर स्थित आवास पर आया था। होली मनाने के बाद गणेश पाटिल व्यापार के सिलसिले में बनारस गए हुए हैं।
मंगलवार की सुबह निरंजन का शव घर की तीसरी मंजिल पर घर के बाहर जाल पर लटका हुआ मिला। बताया गया कि निरंजन के सीधे हाथ पर धारदार हथियार से नस कटी हुई थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मृत्यु का कारण पता चल सकेगा। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रख मामले की जांच की जा रही है।