अजीत राठौर पुत्र अजय सिंह राठौर मूलरूप से कानपुर के पुखरायां का रहने वाला था। वह आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक आईटी की पढ़ाई कर रहा था। राधा कृष्ण एन्क्लेव में तीन महीने पहले ही फ्लैट किराये पर लिया था। उसी फ्लैट में रहने वाले एक छात्र ने बताया कि अजीत मंगलवार रात को उससे बुधवार सुबह को उठाने की बात कहकर अपने कमरे में चला गया था। बुधवार सुबह उस छात्र ने अजीत के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो उसने पुलिस को सूचना दी।
अजीत के पैर बेड से नीचे लटके मिले। पुलिस का कहना है कि अजीत के कमरे में काफी गंदगी फैली थी। वहां से शराब, सिगरेट की काफी बदबू आ रही थी। एसीपी मसूरी निमिष पाटिल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया शराब के अधिक सेवन या हार्ट अटैक आने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।