साहिबाबाद। अर्थला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक महिला अपने भाई के साथ बाइक से अपने पिता को देखने अस्पताल जा रही थी। तभी ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में महिला की मौत हो गई। ट्रक चालक नशे में था, उसे पकड़ लिया गया है।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के शांति नगर में रहने वाले विशाल ने बताया कि दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती पिता को देखने के लिए पैंतालीस वर्षीय बहन अंजना देवी के साथ अस्पताल जा रहा था। अर्थला मेट्रो स्टेशन पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रही ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें पीछे बैठी अंजना दूर जा गिरी। उनके कूल्हे और सिर में गम्भीर चोटें आईं। वहां मौजूद लोगों की मदद से बहन को पास के मोहन मिकिंस अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बहन को मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। आरोप है कि चालक शराब पीकर ट्रक चला रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साहिबाबाद एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को सीज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-