माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम निवासी एक युवक के खाते से शातिर ठगों ने करीब दो लाख रुपये निकाल लिए। दो घंटे में शातिर ठगों ने ठगी को अंजाम दिया। मोबाइल पर मैसेज आने पर पीड़ित को ठगी का पता चला पीड़ित ने इंदिरापुरम थाने पहुंचकर मामले में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरापुरम में विकास वाहे परिवार के साथ रहते हैं। उनके मोबाइल पर कई मैसेज आए। मैसेज खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। उनके खाते से करीब दो लाख रुपये निकल गए। जबकि उनका एटीएम कार्ड और चेकबुक उन्हीं के पास में थी। इसके बाद उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर पर कर कार्ड ब्लॉक कराया। जानकारी करने पर पता चला कि लखनऊ में उनके खाते से यह रुपये निकाले गए हैं। शाम 6.40 से 8.17 के बीच में यह रुपये निकाले गए हैं। उनका आरोप है कि यह पूरी तरह से बैंक की ओर से सुरक्षा का फेलियर है। इसी के चलते यह रुपये खाते से निकलने हैं। उन्होंने मामले में इंदिरापुरम थाने पहुंचकर तहरीर दी। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।