माई सिटी रिपोर्टर साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने पति पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की एक कालोनी में एक महिला परिवार के साथ रहती है। 2002 में महिला की शादी हुई थी। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनसे कुछ गलतियां हो गई थीं। इसके लिए वह लगातार पति से माफी मांग रही हैं। उनका आरोप है कि पति माफ नहीं कर रहे हैं। उनका आरोप है कि पिछले एक वर्ष से उनके पति उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट कर रहे हैं। उन्हें घर से निकालने की धमकी दे रहे हैं। वह बच्चों के भविष्य को देखते हुए इसकी शिकायत नहीं कर रही थीं। आरोप है कि पति जान से मारने की धमकी भी दे रहे है। वह अपने परिवार के साथ घर में ही रहना चाहती है। उन्होंने इंदिरापुरम पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।