माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। टीलामोड़ थाना क्षेत्र के फर्रुखनगर में शराब के नशे में सोमवार रात को फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर मेरठ दिल्ली में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। सीओ साहिबाबाद डा. राकेश मिश्र ने बताया कि फर्रुखनगर में देर रात शराब के नशे में फायरिंग करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पकड़ा गया आरोपी अफजाल निवासी हाथी मोहल्ला फर्रुखनगर है। आरोपी के पास से पुलिस ने फायरिंग में प्रयोग किया गया तमंचा, दो खोके और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पर दिल्ली, मेरठ समेत अन्य जिलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी ने दहशत फैलाने के लिए रात को अपने एक साथी के साथ फायरिंग की थी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। बता दें कि सोमवार रात को दो युवकों ने करीब चार राउंड फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैलाई थी। लोगों ने दोनों युवकों को हाथ में असलाह ले जाते हुए वीडियो भी बनाया था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी और अफजाल को दबोचा था।