दुकानदार ने दो लोगों पर लगाया रंगदारी मांगने का आरोप - थाना इंदिरापुरम में नीतिखंड निवासी दुकानदार ने दी शिकायत
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम स्थित नीतिखंड इलाके में एक दुकानदार से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। दुकानदार ने दो लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नीति खंड में रहने वाले सत्येंद्र सिंह की अभय खंड में दुकान है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात दो युवक कार से उनकी दुकान पर आए। इस दौरान दुकान पर उनकी पत्नी और बेटा मौजूद थे। दोनों युवकों ने बेटे को धमकी देकर पिता से पैसे देने की बात बताने को कहा। जब वह दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने कार सवार दोनों व्यक्तियों को पहचान लिया। उन्होंने अभिषेक और शेखर से बात करने का प्रयास किया लेकिन गश्त के दौरान पुलिस को आता देख दोनों वहां से फरार हो गए। उन्होंने मामले की शिकायत थाना इंदिरापुरम में की है। उनका कहना है कि आरोपी धमकी देकर फरार हुए हैं। इंदिरापुरम थाना प्रभारी संजीव शर्मा ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।