माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। लिंकरोड थाना क्षेत्र साइट चार से शनिवार रात को फैक्टरी से घर जा रहे मालिक पर कार सवार कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर मारपीट की। आरोप है कि लाठी डंडे से उनकी कार क्षतिग्रस्त कर दी। मारपीट के दौरान आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपी अपनी कार से फरार हो गए। पीड़ित फैक्टरी मालिक के बेटे ने लिंकरोड थाने में चार लोगों पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इंंडस्ट्रीयल एरिया साइट चार में निर्दोष कुमार साध की फैक्टरी है। शनिवार को वह फैक्टरी से अपनी कार से घर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में अंबिका स्टील के पास कार सवार कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनसे गाली गलौज शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद लाठी डंडों से लेस आरोपियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की। यह देख मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। लोगों को आता देखकर आरोपी अपनी कार से फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि भागते हुए आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान निर्दोष के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में काफी चोट आई हैं। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। उनके बेटे दिव्यांश ने लिंकरोड थाने में चार लोगों के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। एसएचओ लिंकरोड शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को गिफ्तार कर लिया जाएगा।