माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र के एनएच नौ पर यूपी बार्डर के पास सोमवार रात को दुकानदार से लूटपाट के दौरान पहुंचे हेडकांस्टेबल को बदमाशों ने गोली मारी थी। पुलिस जांच में इसका खुलासा हुआ है। बदमाश पीड़ित से पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट कर ले गए । पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के पड़पड़गंज में देवेंद्र कुमार रहते हैं। वह नोएडा एक्सटेंशन में दुकान चलाते हैं। सोमवार रात को वह स्कूटी से नोएडा एक्सटेंशन से एनएच नौ से होते हुए अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उनसे मारपीट कर पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।पुलिस जांच में सामने आया है कि इसी दौरान हेड़कांस्टेबल मनोज त्यागी विवाद होता समझ कर वहां पहुंचे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसी दौरान गोली मनोज के पैर में लग गई और बदमाश फरार हो गए। सीओ अंशु जैन ने बताया कि पीड़ित देवेंद्र ने पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की तीन टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस घटना स्थल और उसके आसपास के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं घायल हेड कांस्टेबल मनोज का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर है।