खुद को वाणिज्य कर अफसर बताकर चेकिंग के नाम पर ट्रक रोकने के बाद लूटपाट करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया। इस गिरोह ने पिछले महीने सोरांव इलाके में गेहं लदा ट्रक लूटा था। पुलिस ने लूटा गया 50 बोरी गेहूं, असलहे, चाकू बरामद किया है। बाकी गेहूं और ट्रक गिरोह के फरार पांच बदमाशों के पास है। उनकी तलाश की जा रही है। इस गिरोह ने ऐसी कई और वारदात की थी। 25 अक्तूबर की रात सोरांव के टिकरी गांव के सामने जाइलो गाड़ी सवार बदमाशों ने खुद को वाणिज्य कर अधिकारी बताकर जांच के नाम पर ट्रक रोका था। फिर उन्होंने ड्राइवर-खलासी को अपनी गाड़ी में खींच लिया और ट्रक लेकर चले गए। ट्रक में तीन सौ बोरी गेहूं लदा था। ड्राइवर-खलासी से 50 हजार रुपये लूटकर उन्हें रात भर तमंचा सटाकर मांधाता प्रतापगढ़ में पल्हाने गांव में बकुलाही नदी किनारे बैठाए रहे।
सुबह उन दोनों को छोड़कर अपराधी फरार हो गए। एसपी क्राइम मोहम्मद इरफान अंसारी ने बताया कि इंस्पेक्टर अनिरुद्ध सिंह के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच उपनिरीक्षक नागेश सिंह, जीतेंद्र पाल सिंह, पवन सिंह, संतोष यादव आदि ने शनिवार रात सोरांव में नहर ददौली के पास गिरोह के तीन अपराधियों मांधाता प्रतापगढ़ के रामपुर बंथरी गांव निवासी जफरूल कुरैशी, राशिद कुरैशी, अरमान उर्फ छोटू को पकड़ लिया। उनके पास तमंचा, कारतूस, चाकू, पांच मोबाइल फोन मिले। उनकी निशानदेही पर 50 बोरी गेहूं बरामद हुआ। गिरोह के सात सदस्य गिरफ्तार अरमान का पिता इमामुद्दीन, धूमनगंज में मरियाडीह गांव के फजील और इस्माइल, हटवा पूरामुफ्ती का तालिब तथा एक अज्ञात बदमाश फरार है। ट्रक और बाकी 250 बोरी गेहूं उन्हीं अपराधियों के पास है। गिरफ्तार तीन लुटेरों ने बताया कि लूटने के बाद ट्रक को मुंडेरा मंडी ले जाकर खड़ा किया गया था। जफरूल ने बताया कि उसने साथियों संग पिछले साल महाराष्ट्र के भिवंडी में ट्रक लूटा था। ट्रक में 12 लाख का माल था। उस घटना में महाराष्ट्र पुलिस ने गिरोह के बदमाश वारिस अली को गिरफ्तार किया था।