आदित्य मेगा सिटी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत 11वीं के छात्र वरुण राजपूत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट शनिवार को आ गई। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सुसाइड की ओर इशारा कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो गया कि नीचे गिरने से ही वरुण को चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। उसके शरीर के बाएं हिस्से में आठ जगहों पर चोटें आई हैं। फिलहाल ये साफ नहीं हो सका है कि वह नशे की हालत में था या नहीं।
मौत के वक्त आंखें खुली होना भी सुसाइड की ओर इशारा करता है। वरुण के परिजनों ने उसकी गर्लफ्रेंड के परिजनों पर वरुण को पीटने और बेहोशी की हालत में टावर से नीचे फेंककर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक मौत के वक्त आंखें तभी खुली होती हैं, जब सुसाइड किया गया हो। बेहोशी की हालत में फेंके जाने पर आंखें बंद होतीं। सीओ इंदिरापुरम अतुल यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से फिलहाल हत्या की आशंका नहीं लग रही है। रिपोर्ट सुसाइड की ओर ले जा रही है। फिलहाल जांच जारी है, जिसके पूरा होने के बाद ही खुलासा किया जाएगा।
आपकी बेटी से शादी नहीं हुई तो कर दूंगा बरबाद
गर्लफ्रेंड के पिता से पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि वरुण ने उनकी बेटी की अश्लील फोटो उनके मोबाइल पर भेजने के साथ ही एक मैसेज भी किया था, जिसमें लिखा था कि वह उनकी बेटी से बहुत प्यार करता है।
बेटी से उसकी शादी अगर नहीं कराई तो उसे बरबाद कर देगा। पुलिस ने कॉल रिकार्ड भी खंगाले हैं, जिसमें सामने आया कि वरुण की मौत के दिन उसकी न तो गर्लफ्रेंड से बात हुई थी न ही उसके पिता से।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि वरुण गर्लफ्रेंड के फ्लैट में भी नहीं गया था। वरुण ने अपनी मुंहबोली बहन से आखिरी बार बात की थी, पुलिस ने उससे भी पूछताछ की है। दोस्तों से भी पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि वरुण कुछ समय से नशा करने लगा था। इतना ही नहीं वह दोस्तों से कहता था कि गर्लफ्रेंड ने उसे छोड़ा तो उसे बदनाम करके सुसाइड कर लेगा।
मुंहबोली बहन से भी हुई पूछताछ
मुंहबोली बहन ने बताया कि गर्लफ्रेंड की अश्लील फोटो सोशल नेटवर्किंग साइट पर डालने के बाद से काफी डर गया था, फोन पर बातचीत में ऐसा लग रहा था। उसने पुलिस को बताया कि वरुण से बात के बाद उसकी गर्लफ्रेंड से संपर्क करने कोशिश की लेकिन नाकाम रही।