मोरटा गांव में पशुओं का चारा लेने गए किसान की शनिवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं पहचान मिटाने लिए हत्यारोपियों ने किसान का मुंह पत्थर से कुचल डाला।
मृतक के गुप्तांग पर भी चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुट गई है। मोरटा गांव में रामकिशोर (61) पुत्र शंकर त्यागी परिवार के साथ रहते थे।
परिवार में पत्नी कुसुम, तीन बेटे अमित, सुमित और प्रवीन हैं। बेटे अमित ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े सात पिता रामकिशोर पशुओं का चारा लेने खेत में गए थे। वे रोजाना दोपहर करीब डेढ़ बजे तक चारा लेकर लौट आते थे।
लेकिन शाम तक न लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। शाम करीब चार बजे एचआरआईटी संस्थान के पीछे जुआर के खेत में उनका शव पड़ा मिला। उनकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
एसओ ने बताया कि किसान की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई है। इसके बाद हत्यारोपियों ने पहचान मिटाने के लिए किसान का पत्थर से मुंह कुचल डाला। किसान के गुप्तांग के पास भी चोट के निशान मिले हैं। मृतक के बेटे अमित त्यागी ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।