वाणिज्य कर विभाग के पूर्व सीटोओ सरदार जगजीत सिंह अरोड़ा ने मोहननगर सचल दल के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और पिटाई करने के गंभीर आरोप लगाए। दूसरी ओर वाणिज्य कर के आला अधिकारियों ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए लिखित शिकायत मिलने पर जांच की बात कही।
वाणिज्य कर विभाग में पूर्व कॉमर्शियल टैक्स अफसर जगजीत सिंह अरोड़ा ने बताया कि मोहन नगर सचल दल द्वारा हरिद्वार की फर्म के एक वाहन को पहले अनियमितताओं के चलते पकड़ा। तीन दिन बाद धांधली कर उसे छोड़ दिया गया।
उसकी शिकायत उन्होंने आला अधिकारियों से की। इससे गुस्साए सचल दल के एक अधिकारी ने उनकी उम्र का ख्याल करे बगैर पिटाई की। इससे उन्हें गंभीर चोट आई हैं। पिटाई की शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री सहित सभी आला अधिकारियों से की है। वहीं, इस बाबत साहिबाबाद थाने में तहरीर दी है।
दूसरी ओर एडिशनल कमिश्नर एसआईबी जोन-दो आरके सिंह ने सरदार जगजीत सिंह के भ्रष्टाचार व पिटाई के आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि मोहननगर जोनल कार्यालय के बाहर नगर निगम की ग्रीन बेल्ट पर अवैध खोखा हटवाए जाने की कार्रवाई के चलते वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर लिखित शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी।